
पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत रामगढ़ थाना क्षेत्र के पिपराही नावाडीह गांव निवासी नंदू यादव (25) की शुक्रवार शाम फांसी लगाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसका पत्नी से शराब पीने के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों के अनुसार, नंदू यादव शराब का आदी था।
शुक्रवार की शाम उसने पत्नी से शराब पीने के लिए 100 रुपये मांगे, लेकिन पत्नी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद के बाद गुस्से में आकर नंदू ने घर में फांसी लगा ली। परिजन उसे गंभीर हालत में रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज-अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी महेंद्र कुमार और विकास कुमार अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

