
Ranchi : विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची से जुड़े इम्युनरेशन फार्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा के लिए शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की प्रगति का आकलन करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ), जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी CDPO तथा सुपरवाइजर मौजूद रहे।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य पूरा कराएं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रतिदिन सुबह 6 बजे से घर-घर जाकर इम्युनरेशन फार्म का वितरण और संग्रहण करें, ताकि अधिक से अधिक मतदाता अपने घरों पर उपलब्ध मिल सकें। साथ ही दिन के दूसरे हिस्से में प्राप्त प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान कई क्षेत्रों में कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने संबंधित ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन कार्य की समीक्षा करने, प्रगति की सतत निगरानी रखने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

