
Jamshedpur : जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने शनिवार को डिमना स्थित प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) परियोजना में हो रही देरी को लेकर सरकार और जिला प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से घोषणाएं, मंजूरी और बजट मिलने के बावजूद परियोजना धरातल पर नहीं उतर सकी है, जबकि मानगो बस स्टैंड की बदहाल स्थिति से शहरवासी और यात्री रोजाना परेशान हो रहे हैं।
सौरभ विष्णु ने कहा कि मानगो बस स्टैंड की क्षमता लगभग 150 बसों की है, लेकिन यहां प्रतिदिन करीब 650 बसों का संचालन होता है। क्षमता से कई गुना अधिक बसों के परिचालन के कारण सड़क किनारे बसों की लंबी कतारें लगती हैं, जिससे लगातार जाम, सड़क दुर्घटनाएं और यातायात अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है। इसका खामियाजा आम लोगों और यात्रियों को उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 में 145.24 करोड़ रुपये की लागत से डिमना में आधुनिक आईएसबीटी के निर्माण को प्रशासनिक और सैद्धांतिक मंजूरी दी गई थी। परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जुइडको को सौंपी गई थी। योजना के तहत पांच मंजिला आधुनिक बस टर्मिनल, 23 बस बे, 18 टिकट काउंटर, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, छात्रावास, भोजनालय और पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जानी थीं।

समाजसेवी सौरभ विष्णु
सौरभ विष्णु ने आरोप लगाया कि परियोजना के लिए मंजूरी और बजट मिलने के बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जिस 13 एकड़ भूमि पर आईएसबीटी का निर्माण होना है, वहां फिलहाल नगर निगम द्वारा कचरा डंप किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं तो निर्माण कार्य आखिर शुरू क्यों नहीं किया जा रहा।
उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि आईएसबीटी स्थल से तत्काल कचरा हटाकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही परियोजना की वर्तमान स्थिति, निर्माण शुरू होने की तिथि और कार्य पूरा करने की समय-सीमा सार्वजनिक की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक नया आईएसबीटी तैयार नहीं हो जाता, तब तक मानगो बस स्टैंड में पार्किंग, यात्री सुविधाओं और यातायात प्रबंधन में तत्काल सुधार किया जाए, ताकि लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।

