
रांची : झारखंड सरकार ने राज्य के सभी प्रमंडल मुख्यालयों में अत्याधुनिक डिजिटल स्टूडियो बनाने का फैसला किया है। योजना की शुरुआत राजधानी रांची से हो चुकी है। यहां दो डिजिटल स्टूडियो बनाने का काम शुरू भी कर दिया गया है। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अब और भी बेहतर और आधुनिक तरीके से पढ़ाया जा सकेगा। स्कूली शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
डिजिटल सामग्री से पढ़ाई होगी आसान
सरकार का मकसद बच्चों तक डिजिटल माध्यम से पढ़ाई की बेहतरीन सामग्री पहुंचाना है। अभी तक स्कूलों में मंथली एग्जाम के प्रश्नपत्र, सिलेबस, क्वेश्चन बैंक और परीक्षाओं से जुड़ी अन्य जरूरी चीजें ऑनलाइन भेजी जाती हैं। ये सारी सामग्रियां ‘ई-विद्यावाहिनी पोर्टल’ और ‘गुरुजी ऐप’ के जरिए स्कूलों और शिक्षकों तक पहुंचती हैं।
अब इस नई व्यवस्था को और बड़ा रूप दिया जा रहा है। नए डिजिटल स्टूडियो बनने से अनुभवी शिक्षकों के माध्यम से पढ़ाई के वीडियो, एनिमेशन और अन्य डिजिटल सामग्रियां सीधे रिकॉर्ड कर तैयार की जा सकेंगी। इससे दूर-दराज के गांवों में रहने वाले बच्चों को भी शहर जैसे अच्छे शिक्षकों से वीडियो के जरिए सीखने का मौका मिलेगा।
’ई-शिक्षा कनेक्ट’ योजना के तहत तैयारी
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तहत काम करने वाली संस्था JCERT ने इस संबंध में ई-शिक्षा कनेक्ट योजना तैयार की है। इस प्रस्ताव के मुताबिक राज्य के सभी प्रमंडलों में एक-एक डिजिटल स्टूडियो स्थापित किया जाएगा।
फिलहाल शिक्षा विभाग इस पूरे प्रस्ताव की बारीकी से समीक्षा कर रहा है, ताकि जल्द से जल्द इस काम को पूरा कर राज्य के लाखों छात्र-छात्राओं को इसका लाभ दिया जा सके।

