18
चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत होली सहित आगामी पर्व एवं-त्योहार के मद्देनजर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संचालित सभी ग्रुप व कम्युनिटी के एडमिन को जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आपके द्वारा संचालित किसी भी ग्रुप में किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक सामग्री, टिप्पणी एवं अफवाह नहीं फैलाई जाए, इस पर अपने स्तर से उचित निगरानी रखें।
जिला प्रशासन द्वारा बेहतर विधि व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाले संदेश या अफवाहों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। यदि सोशल मीडिया अनुश्रवण के दौरान जिले में विधि व्यवस्था संधारण के प्रतिकूल, किसी भी ग्रुप या कम्युनिटी में किसी भी प्रकार का मामला पाया जाएगा, तो संबंधित ग्रुप के एडमिन पर नियम संगत कार्रवाई की जाएगी।
जिला अंतर्गत किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष का संचालन किया जा रहा है। विशेष परिस्थिति में दूरभाष संख्या- 06582- 259911/255164 अथवा 9931422251 पर संपर्क स्थापित किया जा सकता है।

