पॉलिटिकल डेस्क: Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख अजीत पवार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि आगामी महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में एनसीपी अकेले चुनाव लड़ेगी। हालांकि उन्होंने साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी गठबंधन के साथ रहेगी।
Maharashtra Politics: क्या कहा अजीत पवार ने
एनसीपी के प्रमुख अजीत पवार ने कहा- मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव महायुति (गठबंधन) के तहत लड़ा जाएगा जबकि विभिन्न स्थानीय निकाय के चुनाव उनकी पार्टी स्वतंत्र रूप से लड़ेगी। वह चाहे म्युनिसिपल कारपोरेशन, म्युनिसिपल कौंसिल, जिला परिषद हो या नगर पंचायत के चुनाव। पुणे स्थित पिंपरी चिंचवाड़ में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
Maharashtra Politics: पत्रिकाओं में आलेख छपने के बाद आया बयान
एनसीपी की ओर से स्वतंत्र रूप से स्थानीय निकाय लड़ने की घोषणा को पत्रिकाओं में छपे आलेख से भी जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, ऑर्गनाइजर व विवेक नाम की पत्रिकाओं में छपे आलेख में कहा गया था कि लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में एनसीपी के कारण भाजपा का प्रदर्शन खराब रहा। ऑर्गनाइजर व विवेक नाम की पत्रिकाओं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्रकाशन माना जाता है।
Maharashtra Politics:विपक्ष ने बनाया मुद्दा
पत्रिकाओं में छपे आलेख के बाद विपक्ष की ओर से मुद्दा बना दिया गया था। पत्रिकाओं में छपे आलेख में महाराष्ट्र में भाजपा के खराब प्रदर्शन के लिए एनसीपी पर तंज कसे गए। इसपर विपक्ष ने कहा कि भाजपा चाहती है कि एनसीपी गठबंधन से अलग हो जाए। दरअसल महाराष्ट्र में लोकसभा सीटों में काफी गिरावट आ गई। कुल 48 लोकसभा सीटों में 2019 के चुनाव में भाजपा के खाते में 23 सीटें थीं। 2024 में केवल नौ सीटें मिलीं।

