सेंट्रल डेस्क: पंजाब के CM भगवंत मान की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। खबरों के अनुसार, उनके कई प्रकार के टेस्ट किए जा चुके हैं। बुधवार की रात को सीएम मान तीन बार बेहोश हो गए।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ सदस्य ने बताया कि मुख्यमंत्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और डॉक्टर्स हर पल सीएम मान पर नजर रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य अब ठीक बताया जा रहा है। जरूरी जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन ने किसी भी प्रकार की टिप्पणी से इनकार किया है। बीते सप्ताह भी उन्हें दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में हेल्थ चेकअप के लिए भर्ती कराया गया था। सूत्रों का कहना है कि मान रेगुलर चेकअप के लिए आए थे और अब वे बिल्कुल ठीक हैं।
अकाली दल ने सीएम मान पर साधा निशाना
उधर, सीएम मान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर पर, अकाली दल और कांग्रेस सरीखी विपक्षी पार्टियों ने मुख्यमंत्री मान और आप पर निशाना साधते हुए उनकी बीमारी के बारे में पूछा है। दिल्ली के बड़े-बड़े सरकारी अस्पतालों और क्लीनिक पर भी विपक्षी दलों ने कटाक्ष किया है। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि- बात जब खुद के स्वास्थय की आती है, तो सीएम प्राइवेट हॉस्पिटल का ऑप्शन चुनते है। यह पाखंड चौंकाने वाला है। इन सबसे साफ हो गया कि आम आदमी के ये चैंपियन अपने बड़े-बड़े दावों से केवल जनता को गुमराह कर रहे हैं।

