Ramgarh : रामगढ़ से एक बड़ा साइबर ठग गिरफ्तार किया गया है। महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर इस शातिर साइबर अपराधी को पकड़ा है। पकड़ा गया आरोपी पंजाबी मोहल्ला का रहने वाला आशीष कुमार सिंह है। उस पर महाराष्ट्र के ठाणे स्थित एक निजी कंपनी से लगभग 79 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है।
महाराष्ट्र राज्य के ठाणे शहर की पुलिस ने बताया कि आयरिश बीपीओ सॉल्यूशन नामक कंपनी को झांसा देकर दो किस्तों में 79 लाख 42 हजार रुपये की ठगी की गई। आरोपी और उसके साथियों ने रकम मिलते ही पैसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए, ताकि पुलिस ट्रैक न कर सके।
दो बैंकों के खातों में भेजी गई रकम
जांच में सामने आया कि बैंक ऑफ इंडिया में लालू जोशी के नाम पर खुले खाते में 29,60,501 रुपये भेजे गए। वहीं फाइनेंस बैंक ऑफ जनता बैंक में आशीष कुमार सिंह के खाते में 49,81,506 रुपये ट्रांसफर किए गए।
पूछताछ में खुलासा
गिरफ्तारी के बाद आशीष ने पूछताछ में बताया कि उसके खाते में आई रकम को उसने फौरन उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा के विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिया। फिलहाल उसके खाते में मौजूद 15 लाख रुपये पुलिस ने ब्लॉक कर दिए हैं।
पुलिस अब उसके नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और साइबर ठगी से जुड़े इस गिरोह के तार कई राज्यों तक फैले होने की आशंका जताई जा रही है।
Read Also: Ramgarh Crime: रामगढ़ में बच्चे के अपहरण की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने किया NH-23 जाम, आरोपी गिरफ्तार

