Home » Elephant Attack : महुआ चुनने निकले थे, सामने आ गई मौत, रामगढ़ में हाथियों ने ले ली तीन की जान

Elephant Attack : महुआ चुनने निकले थे, सामने आ गई मौत, रामगढ़ में हाथियों ने ले ली तीन की जान

by Rakesh Pandey
Ramgarh Elephant Attack
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की भयावह तस्वीर सामने आई है। शुक्रवार को गोला प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन और वन विभाग ने स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

रामगढ़ जंगली हाथी हमला: ईंट भट्ठे से शुरू हुई घटना

DFO नीतीश कुमार के अनुसार, हाथियों का झुंड सबसे पहले बंदा गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर पहुंचा। वहां काम कर रहे मजदूरों पर हाथियों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में कुजू निवासी धीरज भुईंया और पतरातू प्रखंड के ताराटांड़ गांव निवासी युगल भुईंया की मौके पर ही मौत हो गई। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

मुरपा गांव में भी हमला, महुआ चुन रहे बुजुर्ग की मौत

ईंट भट्ठे में तबाही मचाने के बाद हाथियों का झुंड मुरपा गांव की ओर बढ़ा। यहां महुआ चुन रहे 74 वर्षीय श्यामदेव साहू को हाथियों ने कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके अलावा सूतरी धोड़धोड़िया बस्ती में महुआ चुन रही एक महिला पर भी हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल महिला को तुरंत गोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

मुआवजा और राहत: वन विभाग ने दी त्वरित सहायता

वन विभाग ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत प्रदान करते हुए अंतिम संस्कार के लिए 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि दी है। अधिकारियों के मुताबिक, शेष 3.75 लाख रुपये की मुआवजा राशि पोस्टमार्टम और एफआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी। घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी वन विभाग द्वारा उठाया जा रहा है।

ग्रामीणों का आक्रोश, मुआवजे की मांग तेज

घटना के बाद मृतकों के परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने ईंट भट्ठा परिसर में जमकर हंगामा किया और वन विभाग, प्रशासन तथा भट्ठा संचालक से उचित मुआवजे की मांग की। परिजनों ने अतिरिक्त एक लाख रुपये की सहायता की मांग रखी। स्थिति को शांत करने के लिए ईंट भट्ठा संचालक आकाश ने मृतकों के परिजनों को 40-40 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमत हुए।

बढ़ता मानव-वन्यजीव संघर्ष, प्रशासन अलर्ट

रामगढ़ सहित झारखंड के कई इलाकों में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने ग्रामीणों को जंगल और आसपास के क्षेत्रों में अकेले न जाने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की गई है।

Read Also- Jharkhand News : झारखंड में बदलेगा मोटर वाहन कानून! नियमों में बदलाव के लिए जिलों से मांगे गए सुझाव

Related Articles

Leave a Comment