RANCHI: रांची समाहरणालय में जनता दरबार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने एक बार फिर संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत किया। जनता दरबार में आए विभिन्न मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए उन्होंने त्वरित समाधान के निर्देश दिए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया। इस दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति रामबाबू शर्मा को तत्काल इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। समाहरणालय के दूसरे तल तक पहुंचने में हो रही परेशानी को देखते हुए उपायुक्त ने तुरंत सहायता सुनिश्चित की, जिससे लाभुक के चेहरे पर संतोष झलक उठा।
राजस्व मामलों में देरी पर उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। माण्डर अंचल में न्यायालय के आदेश के बावजूद लंबित म्यूटेशन मामले में सीओ से जवाब-तलब करते हुए दो दिनों में निष्पादन का निर्देश दिया गया। वहीं नगड़ी अंचल में बार-बार दाखिल-खारिज आवेदन अस्वीकृत होने पर संबंधित अधिकारियों को फाइल सहित तलब किया गया और कर्मचारियों को शो-कॉज जारी करने का निर्देश दिया गया।
सिल्ली अंचल में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा नामकुम में ऑनलाइन रसीद निर्गत नहीं होने की शिकायत पर जांच के आदेश भी दिए गए। वहीं, राहे प्रखंड की महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने पर बीडीओ को सत्यापन कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

