RANCHI: दुर्गा पूजा को लेकर शहर में शांति, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय में इस बैठक में रांची नगर निगम, पुलिस विभाग, अग्निशमन, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे टीम वर्क और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और त्योहार के दौरान छुट्टी न लें।
व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही से सुरक्षा-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है, इसलिए पूरी कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करना अनिवार्य है। उपायुक्त ने सभी विभागों, पूजा समितियों और एजेंसियों को जोड़ते हुए एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया, जिससे त्वरित सूचना और कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
ये भी दिया निर्देश
- उपायुक्त ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को ट्रैफिक एसपी और नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर ट्रैफिक प्लान तैयार करने का निर्देश दिया।
- नगर निगम को सड़कों की मरम्मत और खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने को कहा गया। साथ ही, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक को लेकर पूजा समितियों और नागरिकों से सहयोग की अपील की गई।
- जिला प्रशासन द्वारा सभी पूजा पंडालों का निरीक्षण तय मानकों के अनुसार किया जाएगा। अग्निशमन विभाग को आग से बचाव के पूरे इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- विद्युत विभाग को जर्जर तार, ट्रांसफॉर्मर व खंभों की मरम्मत और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
- सिविल सर्जन को सभी प्रमुख पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में एम्बुलेंस, मेडिकल टीम व प्राथमिक उपचार केंद्र की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
- भीड़ वाले क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और अस्थायी टैंकरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
READ ALSO: RANCHI NEWS: रांची नगर निगम ने दुर्गा पूजा को लेकर कसी कमर, समितियों से कर दी ये अपील

