
रांची: राजधानी के पथलकुदवा रोड गुदड़ी चौक पर शनिवार को स्थिति तनावपूर्ण बन गई,जब रांची नगर निगम की टीम दलबल के साथ अवैध कब्जा हटाने पहुंची। निगम की कार्रवाई की भनक लगते ही स्थानीय वार्ड पार्षद और क्षेत्र के सैकड़ों दुकानदार एकजुट हो गए और प्रशासनिक दस्ते के सामने खड़े होकर जोरदार नारेबाजी करने लगे। जनता के कड़े रुख को देखते हुए दोपहर तक नगर निगम को अपनी कार्रवाई रोकनी पड़ी।
पुरुलिया रोड पर थम गए पहिए
हंगामा और भीड़ जुटने के कारण पुरुलिया रोड बहूबाजार को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर आवगमन पूरी तरह ठप्प हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को कड़ी धूप में भीषण ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ा।
’पहले करें पुनर्वास की व्यवस्था’
प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि वे कई दशकों से इस जगह पर छोटी-मोटी दुकानें चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। बिना किसी पूर्व सूचना या दूसरी जगह दुकान दिए अचानक इस तरह हटाना सीधे तौर पर भुखमरी के कगार पर धकेलने जैसा है। लोगों ने कहा कि सरकार या प्रशासन पहले उन्हें कोई वैकल्पिक स्थान दे, उसके बाद ही जमीन खाली कराए। मौके पर मौजूद पुलिस अफसर और निगम कर्मचारी आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास करते नजर आए।
आरोग्य मंदिर और कम्युनिटी हॉल बनाने की है योजना
रांची नगर निगम प्रशासन का पक्ष है कि गुदड़ी चौक के समीप स्थित लगभग 19.3 डिसमिल सरकारी भूखंड पर अवैध रूप से स्लाटर हाउस चलाया जा रहा है। निगम इस जमीन को खाली कराकर आम नागरिकों की सुविधा के लिए एक आधुनिक सामुदायिक भवन और स्वास्थ्य सेवाओं से लैस ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ बनाने की तैयारी में है।

