
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन की सेहत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। सांस लेने में हल्की परेशानी और सीने में दर्द महसूस होने के बाद उन्हें रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में दाखिल कराया गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर 24 घंटे नजर रख रही है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन अस्पताल में ही मौजूद हैं तथा पल-पल की मेडिकल रिपोर्ट पर नजर रखे हुए हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी जरूरी जांचें की जा चुकी हैं और चिंता की कोई बात नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि रूपी सोरेन हाल ही में हैदराबाद से इलाज कराकर रांची लौटी थीं। शुक्रवार को अचानक तबीयत असहज महसूस होने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल की मेडिकल टीम लगातार हैदराबाद के उन विशेषज्ञों से संपर्क में है, जो पहले से उनका इलाज कर रहे थे। दोनों जगहों के चिकित्सक आपसी तालमेल के साथ उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं।
नेताओं की आवाजाही, सीएम परिवार के साथ अस्पताल में मौजूद
रूपी सोरेन के अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही राज्य के राजनीतिक गलियारों में चिंता की लहर दौड़ गई। शनिवार सुबह से ही विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं का अस्पताल पहुंचने का सिलसिला जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी समेत कई अन्य नेताओं व समर्थकों ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से उनकी सेहत का हाल जाना और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
Read Also: Jharkhand News: CM हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की बिगड़ी तबीयत,डॉक्टरों की टीम कर रही निगरानी

