
रांची : राजधानी में मंगलवार को बड़ा हंगामा देखने को मिला। HEC बाईपास रोड पर जिला प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची थी। टीम रेलवे की जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई थी।
टीम के पहुंचते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए। उन्होंने कार्रवाई का कड़ा विरोध शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने बाईपास रोड को पूरी तरह जाम कर दिया।
सड़क जाम होते ही गाड़ियों के पहिये थम गए। बिरसा चौक से लेकर घोड़ा चौक तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हरमू जाने वाले रास्ते पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। डीपीएस स्कूल के पास पेट्रोल पंप के समीप भी गाड़ियां फंस गईं। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस की सख्ती के बाद हटा जाम
हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस की सख्ती के बाद सड़क से जाम हटाया जा सका। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
बेघर होने का सता रहा डर
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे यहां कई सालों से बस रहे हैं। किनारे बने लगभग 20 से ज्यादा घरों पर तोड़फोड़ का खतरा मंडरा रहा है। उनका कहना है कि आशियाना टूटने से उनकी रोजी-रोटी छीन जाएगी।
लोग सरकार से तुरंत राहत की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि हटाने से पहले उन्हें रहने के लिए दूसरी जगह दी जाए। बिना पुनर्वास के वे अपनी जगह खाली करने को तैयार नहीं हैं।
Read Also:

