RANCHI: रांची के बड़ा तालाब के पास गैस वितरण को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही लाइन में खड़े थे, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी गैस नहीं मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों के अनुसार वे अहले सुबह से ही लाइन में लगे हुए थे, ताकि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर मिल सके। लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी जब गैस का वितरण शुरू नहीं हुआ तो लोगों ने नाराजगी जताई। धीरे-धीरे भीड़ बढ़ने लगी और लोगों ने वितरण व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ कई वरिष्ठ अधिकारी भी वहां मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की और गैस वितरण सुरक्षा घेरे में कराने का निर्णय लिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और भरोसा दिलाया कि सभी को गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। प्रशासन की निगरानी में गैस वितरण की प्रक्रिया शुरू कराई गई, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
वहीं प्रशासन का दावा है कि गैस की कोई किल्लत नहीं है। गैस एजेंसियां सिस्टम को अपडेट कर रही है। 25 दिन में गैस का नंबर लगेगा। इस दौरान अगर गैस सिलेंडर खत्म हो जाए तो 2 किलो और 5 किलो वाले सिलेंडर का ऑप्शन रखा गया है। इसलिए लोग सिलेंडर को लेकर पैनिक न हो।

