
दुमका : झारखंड के दुमका जिले से दिल दहलाने वाली खबर आई है। यहां एक ही पटरी पर ट्रेन से दो युवक कट गए, लेकिन उनकी लाश एक किलोमीटर के फासले पर मिली। बताया जाता है कि हंसडीहा-गोड्डा रेलवे लाइन पर शनिवार की सुबह एक हादसे में ट्रेन से कटकर दो युवकों की मौत हो गई। घटनास्थल हंसडीहा थाना क्षेत्र के बबनखेता और चोरबटीया गांव के पास है। दोनों युवकों के शव रेलवे ट्रैक पर अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले, जिनके बीच की दूरी करीब एक किलोमीटर है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों युवक एक ही ट्रेन से कटे थे या अलग-अलग ट्रेनों से हादसा हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद हंसडीहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। दोनों मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाकर शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि सुबह 5 बजे सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक पर एक युवक की लाश पड़ी है।
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा कर एक घंटे में शव को लेकर हंसडीहा अस्पताल पहुंची ही थी कि फिर सूचना मिली कि उसी ट्रैक पर करीब एक किलोमीटर आगे एक दूसरे युवक का शव पड़ा है। इस घटना से पुलिस भी चकरा गई कि ऐसा कैसे हो सकता है। दोनों युवकों ने ऐसा योजनाबद्ध तरीके से किया या इनकी हत्या की गई है। दोनों युवकों में कोई संबंध था कि नहीं। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।
Read Also- RANCHI RPF NEWS : हटिया रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, दो तस्करों के पास मिला इतना गांजा

