
Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार एंड रेस्टोरेंट में हुई चर्चित घटना के बाद जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। धालभूम अनुमंडल दंडाधिकारी अर्नव मिश्रा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत जारी निषेधाज्ञा को 3 जुलाई के पूर्वाह्न 10 बजे तक बढ़ाने का आदेश जारी किया है। इसके अलावा, शुक्रवार को जमशेदपुर बंद को देखते हुए शहर के अधकांश निजी स्कूल बंद रहेंगे।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, साकची, बिष्टुपुर, सोनारी, कदमा, एमजीएम और मानगो थाना क्षेत्र में यह निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी। पुलिस से प्राप्त रिपोर्ट में बताया गया है कि डीडी बार की घटना के विरोध में कुछ संगठनों और नागरिकों ने 2 एवं 3 जुलाई को धरना, प्रदर्शन, आमसभा और जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है। इससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इन गतिविधियों पर रहेगी रोक
प्रशासन के आदेश के तहत प्रतिबंधित क्षेत्रों में निम्न गतिविधियों पर रोक रहेगी—
* किसी भी प्रकार का धरना, प्रदर्शन, घेराव और पुतला दहन नहीं किया जा सकेगा।
* लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला अथवा अन्य हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा।
* सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
* शांति भंग करने के उद्देश्य से पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी।
इन्हें मिलेगी छूट
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिसकर्मी, चिकित्साकर्मी, मीडियाकर्मी, सरकारी एवं गैर-सरकारी कर्मचारी, बारात, शव यात्रा, पूजा-अर्चना, धार्मिक जुलूस तथा सिख एवं नेपाली समुदाय द्वारा धार्मिक परंपरा के अनुसार कृपाण और खुखरी धारण करने पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
प्रशासन ने कहा है कि निषेधाज्ञा का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना ।
निजी स्कूल आज रहेंगे बंद, सरकारी स्कूलों को लेकर अभिभावक चिंतित
भाजपा की ओर से शुक्रवार को बुलाए गए जमशेदपुर बंद के मद्देनजर शहर के अधिकांश निजी स्कूलों ने एहतियातन कक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है। छात्रों की सुरक्षा और संभावित यातायात बाधाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल, जेएच तारापोर स्कूल (धतकीडीह), हिलटॉप स्कूल और लोयोला स्कूल समेत शहर के कई प्रमुख निजी शिक्षण संस्थानों ने आधिकारिक नोटिस जारी कर नियमित कक्षाएं रद्द करने की घोषणा की है। स्कूल प्रबंधनों का कहना है कि यह निर्णय पूरी तरह से विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। हालांकि, इस दौरान अधिकांश स्कूलों में प्रशासनिक कार्य सामान्य रूप से चलते रहेंगे, लेकिन पढ़ाई पूरी तरह स्थगित रहेगी। स्कूल प्रशासनों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को स्कूल न भेजें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
एक तरफ जहां निजी स्कूलों ने छुट्टी की घोषणा कर दी है, वहीं दूसरी तरफ सरकारी स्कूल अन्य दिनों की तरह ही संचालित होंगे। शिक्षा विभाग या प्रशासन की ओर से सरकारी स्कूलों को बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं। उनका कहना है कि बंद के दौरान यातायात बाधित होने या किसी भी अप्रिय स्थिति में बच्चों की सुरक्षा का जिम्मा कौन लेगा? अभिभावकों ने प्रशासन से इस पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
सैक्रेड हार्ट की परीक्षाएं टलीं
सैक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल भी शुक्रवार कल बंद रहेगा। इसके लिए स्कूल प्रबंधन की तरफ से छुट्टी की नोटिस जारी कर दी गई है। शुक्रवार को जो परीक्षा होने वाली थी, अब यह परीक्षा 13 जुलाई को होगी।
Read also – Kolhan University Exam Postponed: कोल्हान विश्वविद्यालय ने 3 जुलाई की सभी परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित कीं

