RANCHI : रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत हटिया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई। 5 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर 13 मार्च 2026 को आरपीएफ पोस्ट हटिया और फ्लाइंग टीम रांची द्वारा ट्रेन संख्या 15027 एक्सप्रेस के S1 कोच की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान परवीन कुमार और विक्रम कुमार के रूप में हुई। दोनों बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले हैं।
रांची के एएससी (आरपीएफ) अशोक कुमार सिंह के निर्देश पर तलाशी के दौरान उनके पास से छह पैकेट गांजा बरामद किया गया। डीडी किट से जांच करने पर गांजा की पुष्टि हुई। जब्त गांजे का वजन लगभग 5 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के पास नशीला पदार्थ ले जाने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों को जब्त गांजे के साथ जीआरपी (हटिया) को सौंप दिया गया। इस संबंध में जीआरपीएस हटिया में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट हटिया के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार, एसआई दीपक कुमार, चंद्रिका कच्छप और फ्लाइंग टीम के एएसआई अनिल कुमार समेत अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

