RANCHI: स्टाइपेंड में वृद्धि की मांग को लेकर 6 अप्रैल से राज्यभर में डॉक्टरों की हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन जूनियर डॉक्टर नेटवर्क के अध्यक्ष डॉ सुशील ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने आईएमए झारखंड और झासा के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में यह आश्वासन दिया है कि जूनियर डॉक्टरों के लिए स्टाइपेंड में वृद्धि की लंबे समय से चली आ रही मांग को आगामी कैबिनेट बैठक में अनुमोदन के लिए रखा जाएगा।
साथ ही यह आश्वासन भी दिया गया है कि इस वृद्धि में वार्षिक संशोधन का प्रावधान शामिल होगा, जैसा कि जूनियर डॉक्टर्स नेटवर्क (JDN) द्वारा मांग की गई थी। इसके अलावा अपर मुख्य सचिव ने दोहराया कि जूनियर डॉक्टरों द्वारा रखी गई सभी मांगों पर सहमति बन गई है और वे कार्यान्वयन की प्रक्रिया में हैं। इसके बाद जूनियर डॉक्टर नेटवर्क ने हड़ताल पर नहीं जाने की घोषणा की है। साथ ही कहा है कि इस आश्वासन के बाद हमलोग अपने काम पर मौजूद रहेंगे। लेकिन भविष्य में यदि हमारी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जाता है तो फिर से आंदोलन करते हुए हड़ताल की जाएगी।

