RANCHI: नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। जिसमें कैंडिडेट्स को चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई। सभी निर्वाची और सहायक निर्वाची पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के वरीय और प्रभारी पदाधिकारी मौजूद रहे।
आयोग के निर्देशों का हो पालन
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सतत निगरानी रखी जाए। इस दौरान सभी कार्य सावधानी, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग झारखंड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है।
स्ट्रांग रूम की ली जानकारी
बैठक में विशेष रूप से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित स्ट्रांग रूम और निर्धारित मतगणना स्थल पर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। सुरक्षा व्यवस्था, सामग्री प्रबंधन, आवागमन व्यवस्था और अन्य जरूरी बिंदुओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र व मतपेटी कोषांग, सामग्री व परिवहन कोषांग, विधि व्यवस्था-सह-आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन एवं जनशिकायत कोषांग, प्रेक्षक, प्रशिक्षण, मीडिया, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण, सूचना प्रौद्योगिकी व नियंत्रण कोषांग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

