RANCHI: नवरात्र, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख पर्वों को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को अपर प्रशासक संजय कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें पर्वों को सुचारु, स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से मनाने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। अपर प्रशासक ने इस दौरान स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में कहीं भी कचरे का ढेर नहीं दिखना चाहिए। सभी सार्वजनिक स्थानों, विशेषकर जलाशयों और घाटों की सफाई सुनिश्चित की जाए। छठ पूजा को देखते हुए वाटर बॉडीज की विशेष सफाई कराई जाएगी।
बिजली व्यवस्था दुरुस्त करें
सभी खराब स्ट्रीट लाइट्स की मरम्मत शीघ्र की जाए और अंधेरे वाले क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) में विशेष रोशनी की व्यवस्था की जाए ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि नगर निगम हर दिन बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा ताकि पर्वों के दौरान यातायात और भीड़-भाड़ में कोई समस्या उत्पन्न न हो।
क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन
त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24×7 सक्रिय क्यूआरटी का गठन किया जाएगा जो तत्काल कार्रवाई करेगी। श्रद्धालुओं के साथ पूजा समितियों की सहायता के लिए निगम ने हेल्पलाइन नंबर 1800-570-1235 जारी किया है, जिसे अधिक से अधिक प्रचारित करने का निर्देश दिया गया है। इस नंबर पर लोग अपनी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकते है। इसके बाद निगम की ओर से तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
एक टीम करेगी मॉनिटरिंग
नगर निगम प्रत्येक वार्ड में एक विशेष निगरानी समिति का गठन करेगा। जिसमें सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, नगर अभियान प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, जोनल और वार्ड सुपरवाइजर शामिल होंगे। यह टीम ग्राउंड रिपोर्ट तैयार कर निगम को सौंपेगी और सुनिश्चित करेगी कि दुर्गापूजा से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण हों। अपर प्रशासक ने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना रांची नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ये रहे मौजूद
बैठक में उप प्रशासक रविंद्र कुमार, गौतम प्रसाद साहू, सभी अभियंता, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक और नगर अभियान प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। सभी को अपने-अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने और समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

