RANCHI: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को मनाया जाएगा। इससे पहले गुरुवार को समाहरणालय में मतदाता प्रतिज्ञा पाठ का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त सह निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने की। कार्यक्रम में निर्वाचन से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से मतदाता प्रतिज्ञा पढ़ी।
जिसमें लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई तथा मतदान के महत्व एवं निष्पक्षता को बनाए रखने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मतदाता सूची के शुद्धिकरण गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिनके प्रयासों से जिले में मतदाता सूची को और अधिक शुद्ध व अद्यतन बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।
लोकतंत्र की नींव मजबूत करने का अवसर
उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों व कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे मतदाता जागरूकता अभियान को और तेज करें। साथ ही आने वाले चुनावों में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर समाहर्ता रांची रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था राजेश्वर नाथ आलोक, उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, जिला स्तर पर निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। यह आयोजन ‘माई इंडिया, माई वोट- मैं भारत हूं’ टैग लाइन ‘इंडियन सिटीजन ऐट द हार्ट आफ इंडियन डेमोक्रेसी’ की थीम के अनुरूप था, जो नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देता है।

