रांची: राजधानी रांची के कांके स्थित वर्षों से बंद पड़ी बेकन फैक्ट्री को दोबारा शुरू करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम बढ़ाया है। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के पिछले दिनों तेलंगाना दौरे के बाद शुक्रवार को नेशनल मीट रिसर्च इंस्टीट्यूट हैदराबाद की टीम फैक्ट्री का निरीक्षण करने रांची पहुंची। हैदराबाद से आए विशेषज्ञ डॉ एम मुत्थु कुमार और डॉ योगेश पी गोडकर ने फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पाया कि फैक्ट्री का स्लॉटर सेक्शन 70-80 प्रतिशत तक ठीक स्थिति में है और कम लागत में इसे दोबारा शुरू किया जा सकता है। इसके अलावा, मशीन रहित संचालन और प्रशिक्षण केंद्र के रूप में इसे जल्द शुरू करने की संभावना जताई गई।
बता दें कि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अप्रैल में तेलंगाना दौरे के दौरान हैदराबाद संस्थान के साथ इस फैक्ट्री को पुनर्जीवित करने को लेकर बैठक की थी। फैक्ट्री में स्किल डेवलपमेंट केंद्र की स्थापना का भी प्रस्ताव है, जिसमें 100 से अधिक लोगों को प्रशिक्षित किया जा सकेगा। निरीक्षण के बाद टीम ने मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से भी भेंट की और फैक्ट्री की संभावनाओं पर चर्चा की। टीम ने भरोसा जताया कि फैक्ट्री को पूरी तरह से पुनर्जीवित किया जा सकता है और जल्द ही अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी। इस बैठक में विभाग के विशेष सचिव प्रदीप हजारी भी मौजूद थे।

