रांची: राजधानी रांची में लगातार लूट और डकैती की घटनाओं से दहशत फैलाने वाले संगठित अपराधी गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से हथियार और लूट की रकम भी बरामद की है। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि यह गिरोह एक ही रात में चार अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देकर शहर में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। अपराधियों ने डोरंडा के एक दुकान में लूट, पुंदाग स्थित पेट्रोल पंप में डकैती, बीआईटी क्षेत्र के दो पेट्रोल पंप और टाटीसिल्वे के सीएनजी पंप पर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया। इतना ही नहीं ओरमांझी में एक दुकानदार को लूट के दौरान चाकू मारकर घायल भी कर दिया गया था।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए सीनियर एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर और सिटी एसपी के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 10 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जहीर उर्फ खान, फरहान खान उर्फ बब्लू, शेख जीमल, अरसलान खान, मो. फैजान, सोएब अंसारी, सहबाज सलमान, कासिफ युसूफ, शेख मुज्जमिल उर्फ माखन और राजा खान उर्फ खानता शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में सभी वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। फिलहाल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

