रांची : रांची पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत फिर बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाकर 30 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया है। 135 से अधिक लंबित वारंटों का निष्पादन भी किया है। अपराध पर जीरो टॉलरेंस को ध्यान में रखकर रांची पुलिस अभियान चला रही है। इससे पहले 17 मई को भी रांची पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया था।
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने किया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात तक सघन छापेमारी कर फरार अपराधियों, वारंटियों और संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
अपराध पर नियंत्रण के लिए चलाया जा रहा ऑपरेशन प्रहार
एसएसपी राकेश रंजन ने बुधवार को बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” अपराध नियंत्रण, संगठित अपराध पर शिकंजा कसने और लंबित वारंटों के निष्पादन के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ रणनीति तैयार की है, जिसके तहत समय-समय पर अभियान को दोबारा सक्रिय कर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के दूसरे चरण में पुलिस की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर कई ऐसे अपराधियों को पकड़ा, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस को लगातार चकमा दे रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कई वारंटी और गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित भी हैं।
अभियान में जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस टीमों ने संवेदनशील इलाकों, अपराध प्रभावित क्षेत्रों और संदिग्ध ठिकानों पर विशेष निगरानी रखते हुए कार्रवाई की।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि रांची पुलिस अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Read Also :Jamshedpur News : चाकुलिया में गांजा कारोबार का खुलासा, 336 ग्राम गांजा के साथ एक गिरफ्तार

