
रांची: जिले में 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस तीन दिवसीय अभियान के दौरान 0 से 5 साल तक के 5 लाख 5 हजार से ज्यादा बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है।
सिविल सर्जन डॉ.प्रभात कुमार ने शनिवार को सदर अस्पताल में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे कार्यक्रम एवं तैयारियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 3,893 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। बच्चों को दवा पिलाने के लिए 7,786 कर्मियों को लगाया गया है, जिनकी निगरानी 571 सुपरवाइजर करेंगे।
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने सभी माता-पिता से अपील की है कि वे अपने छोटे बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर ‘दो बूंद जिंदगी की’ जरूर पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो को जड़ से खत्म करने के लिए समाज के हर वर्ग का साथ जरूरी है। हमारा मकसद है कि एक भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से छूटने न पाए।
जागरूकता के लिए प्रचार रथ रवाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होने के बाद सिविल सर्जन ने एक विशेष प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह गाड़ी रांची के शहरी इलाकों में घूम-घूमकर लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को जागरूक करेगी। ताकि ज्यादा से ज्यादा अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की दवा दिलवाने बूथ तक पहुंच सकें। मौके पर डॉ.असीम कुमार मांझी, प्रीति चौधरी, श्वेता वर्मा समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

