रांची : रामनवमी के पावन अवसर पर हेमंत सोरेन ने अपनी धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के साथ राम जानकी तपोवन मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर राज्य की उन्नति, सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को रामनवमी महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के अवसर पर रांची के तपोवन मंदिर में हर वर्ष की भांति इस बार भी आस्था का विशाल समागम देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं और विभिन्न अखाड़ों की शोभायात्राओं का भी यहां समागम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि श्रद्धा, उमंग और उत्साह के साथ इस पर्व को मनाते हुए हम सभी मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा सामाजिक सद्भाव और समरसता के साथ रामनवमी को ऐतिहासिक और यादगार बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तपोवन मंदिर का इतिहास काफी पुराना है और इसकी अपनी विशिष्ट पहचान है। इस पहचान को और मजबूत करने के लिए मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने आशा जताई कि भगवान श्रीराम की कृपा से मंदिर को और भव्य स्वरूप देने का कार्य जल्द पूरा होगा।
Read Also- Chaibasa Elephant Attack : जंगली हाथी के हमले से पुरुष की मौत, नहीं थम रहा मौत का सिलसिला

