रांची: राजधानी रांची को जल्द ही बहुप्रतीक्षित रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर की सौगात मिलने जा रही है। यह ऐतिहासिक परियोजना 19 जून 2025 को लोकार्पित की जाएगी। इसकी जानकारी रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने दी है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के दौरान लोकार्पण की तिथि निर्धारित की गई, जिस पर मंत्री गडकरी ने 19 जून को उद्घाटन कार्यक्रम में सम्मिलित होने की सहमति प्रदान की।
झारखंड का पहला एलिवेटेड कॉरिडोर, रांची को समर्पित
यह झारखंड का पहला एलिवेटेड कॉरिडोर है, जिसे राजधानी रांची को समर्पित किया जा रहा है। इसके चालू होने से रातू रोड क्षेत्र में पिछले चार दशकों से लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी, जिससे लोगों को यातायात में सुविधा, समय की बचत और ईंधन की खपत में कमी जैसे कई फायदे मिलेंगे।
सांसद संजय सेठ ने बताया इसे ‘ऐतिहासिक कदम’
सांसद संजय सेठ ने कहा कि यह सिर्फ एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि रांची के लाखों नागरिकों को सुविधा और सम्मान देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि जल्द ही लोकार्पण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।
रांची के ट्रैफिक सिस्टम में बड़ा बदलाव
रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर के शुरू होते ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद की जा रही है। यह परियोजना न केवल यातायात के दबाव को कम करेगी, बल्कि आर्थिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Read Also- Dhanbad Crime News : संपत्ति विवाद में चाचा के घर पर भतीजे ने फेंका बम, घर में लगी आग

