RANCHI: रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। लालपुर थाना में 1 अप्रैल 2026 को अज्ञात चोरों के खिलाफ सोने-चांदी के आभूषण और 31 हजार रुपये नकद चोरी का मामला दर्ज किया गया था। वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
दोनों का है आपराधिक इतिहास
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एदलहातु मोरहाबादी निवासी विक्की कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी गए सामान बरामद किए गए। इसके बाद उसके साथी किशन कुजूर को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी के सिक्के, बिछिया, पायल और 17,296 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी विक्की कुमार के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि किशन कुजूर पर भी पूर्व में चोरी का मामला दर्ज है।

