Home » RRB NTPC परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, रांची सेंटर पर तीसरी पाली की परीक्षा रद्द

RRB NTPC परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, रांची सेंटर पर तीसरी पाली की परीक्षा रद्द

जांच लंबित रहने तक तीसरी शिफ्ट की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।

by Reeta Rai Sagar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांचीः रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की NTPC परीक्षा एक बार फिर विवादों में आ गई है। रांची के तुपुदाना स्थित TCS ION Digital Center में परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए एक अभ्यर्थी द्वारा बनाया गया वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद RRB ने संज्ञान लेते हुए सेंटर से पूरी घटना का CCTV फुटेज तलब किया है और जांच के आदेश दिए गए हैं।

यह परीक्षा 5 जून से 24 जून 2025 तक ग्रेजुएट लेवल के NTPC पदों के लिए तीन शिफ्टों में आयोजित की जा रही है। इसी दौरान यह वीडियो सामने आया है, जिसमें परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए गए हैं।

क्या है वायरल वीडियो में?
वायरल हो रहे वीडियो में एक अभ्यर्थी दावा करता दिख रहा है कि परीक्षा के दौरान कई कंप्यूटर अचानक बंद हो गए, जबकि कुछ सामान्य रूप से चलते रहे। साथ ही यह भी आरोप है कि परीक्षा कक्ष में कोई ज़िम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था और कुछ अभ्यर्थियों को उत्तर बताए जा रहे थे।

यह वीडियो जयराम महतो की पार्टी से जुड़े छात्र संगठन जेबीकेएसएस (JBKSS) ने अपने एक्स (Twitter) अकाउंट पर पोस्ट किया है और उसमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, RRB अहमदाबाद और रेल मंत्रालय को टैग किया गया है।

जेबीकेएसएस ने लिखा,
“अब #NTPC रेलवे एग्जाम में भी गड़बड़ी होने लगी है, ये वीडियो Tupudana, TCS ION Digital, Ranchi की है।”

RRB की त्वरित कार्रवाई: तीसरी पाली की परीक्षा रद्द
छात्रों के विरोध और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रेलवे भर्ती बोर्ड ने वीडियो की सत्यता की जांच के लिए CCTV फुटेज तलब किया है और सेंटर से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। जांच लंबित रहने तक तीसरी शिफ्ट की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।

कितने पदों पर भर्ती, और क्या है चयन प्रक्रिया?
रेलवे की यह भर्ती NTPC (Non-Technical Popular Category) के अंतर्गत हो रही है।
ग्रेजुएट लेवल पदों की संख्या: 8113
यूजी लेवल पदों की संख्या: 3445 (शेड्यूल जारी होना बाकी)
कुल आवेदन: 1.21 करोड़ से अधिक

ग्रेजुएट लेवल NTPC पदों का विवरण:

• गुड्स ट्रेन मैनेजर – 3144 पद
• मुख्य वाणिज्य सह टिकट पर्यवेक्षक – 1736 पद
• वरिष्ठ लिपिक सह टाइपिस्ट – 732 पद
• स्टेशन मास्टर – 994 पद
• जूनियर अकाउंट असिस्टेंट कम टाइपिस्ट – 1507 पद
चयन प्रक्रिया:
• सभी पदों के लिए दो चरणों में CBT परीक्षा (CBT 1 और CBT 2)
• स्टेशन मास्टर पद के लिए CBAT (Computer Based Aptitude Test)
• टाइपिंग टेस्ट – वरिष्ठ लिपिक व जूनियर अकाउंट असिस्टेंट के लिए
• भर्ती की प्रक्रिया पूरी तरह कंप्यूटर आधारित है

NTPC जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ी और निगरानी की कमी जैसे आरोप सामने आना गंभीर मामला है। छात्रों में आक्रोश साफ झलक रहा है और अब RRB की जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि परीक्षा की पारदर्शिता पर उठे सवाल कितने सही हैं।

Related Articles