
Chatra : कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में बानासाम टोला पाठकडीह निवासी कमलेश भारती (22) और मनोज कुमार (19) शामिल हैं।
पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार शाम बताया कि दोनों आरोपितों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। 15 सितंबर की दोपहर बेसरा गांव की झाड़ियों में नाबालिग का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को तीज पर्व के दौरान गांव में डीजे बज रहा था। नाबालिग भी डीजे देखने पहुंची थी। आरोपितों ने अंधेरे का फायदा उठाकर उसे झाड़ियों की ओर ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, वहां दोनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया और इसके बाद दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपितों की निशानदेही पर नाबालिग की लाल रंग की टॉर्च, हेयर पिन, आरोपितों के घटना के समय पहने कपड़े और कमलेश भारती का लावा कंपनी का एंड्राइड मोबाइल बरामद किया गया है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी अमित कुमार, सअनि अशोक कुमार मंडल, एएसआई नागेश्वर पंडित, मुनेश्वर चौधरी और तकनीकी शाखा चतरा के कर्मी शामिल थे।

