रांची : झारखंड की राजधानी रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के पतरातू गांव में मंगलवार रात एक अनोखी घटना सामने आई, जहां बैटरी चोर गिरोह के दो बाइक और एक पिकअप वैन को ग्रामीणों ने आग के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात चार से पांच की संख्या में चोर पतरातू गांव में स्थित एक मोबाइल टावर की बैटरी चुराने के लिए पहुंचे थे।
कैसे हुई घटना ?
चोर टावर से बैटरी निकाल रहे थे कि उसी समय कुछ ग्रामीण नींद से जाग गए और उन्होंने शोर मचाया। इस पर चोर अपने वाहनों को वहीं छोड़कर भाग खड़े हुए। ग्रामीणों ने चोरों का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाते हुए वे सभी फरार होने में सफल रहे।
ग्रामीणों ने वाहनों को लगाई आग
ग्रामीणों का गुस्सा चरम पर था, और उन्होंने चोरों के छोड़े गए वाहनों को आग लगा दी। ठाकुरगांव थाना प्रभारी विनीत कुमार ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बैटरी चोर गिरोह के वाहन को आग के हवाले किया गया है। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जले हुए वाहनों का सत्यापन भी कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस प्रशासन मामले की गहनता से जांच कर रहा है और चोरों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने वाहनों का निरीक्षण किया और संबंधित सबूतों को जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

