- घायलों को मेदिनीनगर किया गया रेफर, मृतकों का शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जपला( पलामू) : जपला- छतरपुर मुख्य पथ के हुसैनाबाद थाना अंतर्गत शनिवार को ऊपरी गांव के समीप दो बाइक की आमने सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। हादसे में एक युवती व उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने जपला छतरपुर रोड को जाम कर दिया है। हुसैनाबाद विधायक संजय कुमार सिंह यादव व अंचल पदाधिकारी पंकज कुमार ने घटना स्थल पहुंच कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों से जाम हटाने का आग्रह किया।

पुलिस भी घटना स्थल पहुंचकर मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया है। घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया है। मृतकों में जपला सीमेंट फैक्ट्री के हार्वे लाइन निवासी आदिल अहमद व गोलू कुमार घर से जपला ट्यूशन जाने के लिए निकले थे। जबकि घायल हुसैनाबाद के ग्राम रपुरा निवासी दीपक कुमार व उसकी बहन रूबी कुमार परीक्षा देने जपला के एके सिंह कालेज आ रहे थे।
ऊपरी गांव के समीप दोनों की बाइक में आमने सामने की टक्कर हो गई। जिसमें जपला सीमेंट के हार्वे लाइन निवासी दोनों युवकों की मौत हो गई व परीक्षा देने जा रहे भाई बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद पुलिस घटना स्थल पहुंच कर कार्रवाई में जुट गई है। गुस्साए ग्रामीणों ने जपला छतरपुर रोड को जाम कर दिया है। वह मृतकों के आश्रिति को मुआवजा व घायलों का समुचित इलाज की मांग कर रहे है। ग्रामीणों के मुताबिक उक्त स्थान पर लगातार दुर्घटना होती है। इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर देने की भी मांग की जा रही थी।
Read Also- Allu Arjun : सुबह-सुबह जेल से बाहर निकले अल्लू अर्जुन, कैद में कटी रात, रिहाई में देरी पर भड़के वकील

