Ranchi : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह सरकार्यवाहक आलोक कुमार ने रविवार को रांची में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जातिगत भेदभाव को समाज के लिए नुकसानदेह बताया। उन्होंने कहा कि एक उद्देश्य के लिए सभी को एकजुट होकर चिंतन करना चाहिए और कभी भी छोटे व क्षुद्र उद्देश्यों के लिए बंटना नहीं चाहिए।
वह रांची के चुटिया में सनातन समाज की ओर से आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर हिंदू समाज की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस मौके पर अयोध्या के हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने भी लोगों को संबोधित किया।

आलोक कुमार ने देव और दानव की चर्चा करते हुए कहा कि जब दोनों के बीच युद्ध हो रहा था और देवता हार जा रहे थे तब सभी देव अपने गुरु के पास गए और पूछा कि हम इतने ताकतवर हैं, फिर भी हार क्यों जा रहे हैं। गुरु ने कहा कि आप सभी अलग-अलग लड़ रहे हैं इसलिए हार जा रहे हैं। वहां से लौटने के बाद सभी एक साथ लड़े और विजयी हुए। इसलिए हम सभी एक होकर रहें।
सामूहिकता में सभी समस्याओं का समाधान है। इसलिए समाज से भेदभाव को समाप्त करना होगा। सह सरकार्यवाह ने कहा कि महर्षि बाल्मिकी ने रामायण की रचना की। मीराबाई के गुरु संत रविदास थे। दोनों महापुरुष सामाजिक व्यवस्था में किस जाति के थे, सभी जानते हैं, उसके बाद भी मन से अभी तक जाति गई नहीं है।
सनातन और हिंदुत्व के नामपर लोग एकजुट हों। हमारा उद्देश्य, हमारी सोच और तौर-तरीके एक जैसे हों। समाज के जो भी बड़े काम सबके हित में हों, उस एक उद्देश्य के लिए सभी एकसाथ आएं। हिंदू सम्मेलन की बात करते हुए कहा कि पूरे देश में 70 हजार से अधिक स्थानों पर इस तरह के आयोजन होने हैं। अब तक हजारों स्थान पर हुए आयोजन में करोड़ों लोग भाग लिए हैं।आलोक कुमार ने आरएसएस के पंच परिवर्तन की चर्चा करते हुए कहा कि अगले 15-20 वर्षों तक संघ के स्वयंसेवक इस पर काम करेंगे। परिवार व्यवस्था की चर्चा करते हुए कहा कि अलग-अलग रहते हुए भी एक रह सकते हैं। कम से कम सप्ताह में एक दिन मिलकर भोजन कर सकते हैं। नागरिक कर्तव्यों की बात करते हुए कहा कि अधिकार की बात तो हम सभी करते हैं, परंतु कर्तव्य की चर्चा नहीं करते हैं। इस पर सभी को ध्यान देने की जरूरत है।
हम सब हिंदू एक होकर रहेंगे तो आगे बढ़ सकेंगे : महंत राजू दास
अयोध्या हनुमान गढ़ी के महंत ने हिंदुओं से किया आह्वान, क्षेत्र, भाषा और जाति के नाम पर कभी बंटना नहीं बोले, बांग्लादेश में डेढ़ करोड़ हिंदू हैं, 500 भी संगठित होकर विरोध करते तो यह स्थिति नहीं होती हनुमानगढ़ी के संत महंत राजू दास ने हिंदुओं से आह्वान किया कि क्षेत्र, जाति और भाषा के नाम पर कभी बंटे नहीं। सभी हिंदू एक होकर रहेंगे तो आगे बढ़ेंगे। बांग्लादेश में डेढ़ करोड़ हिंदू हैं। यदि 500 हिंदू भी एक साथ होकर प्रतिकार करते तो यह स्थिति नहीं होती। इसलिए सभी एक होकर रहें। वे रविवार को रांची के चुटिया स्थित शास्त्री मैदान में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। राजू दास ने कहा कि हिंदू एक हो, इस प्रयास में आरएसएस पिछले 100 वर्षों से लगा है। इसके हजारों प्रचारक घर छोड़कर समाज कार्य में लगे हैं। जिससे समाज में काफी परिवर्तन दिख रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के देश में अयोध्या में राम मंदिर बनने में 500 वर्ष लग गए। इसके लिए 70 से अधिक लड़ाइयां लड़ी गई। संगठित नहीं होने का यह सब परिणाम है। पाकिस्तान में हिंदुओं की चर्चा करते हुए कहा कि वहां डेढ़ लाख मंदिंर थे, अब बच गए हैं मात्र 22 मंदिर। इस मौके पर सत्यनारायण बाबा ने कहा कि साथ चलना, साथ बोलना और एक लक्ष्य के लिए संगठित होना समाज की वास्तविक शक्ति है। वर्तमान समय में सनातन समाज को संगठित करने की आवश्यकता है और ऐसे सम्मेलन समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं।
वोट के चक्कर में बांग्लादेशी को वोटर बना रहे हैं
महंत राजू दास ने कहा कि हमलोग वोट के चक्कर में बांग्लादेशी को भी वोटर बना रहे हैं। 100 रुपये में अपना ईमान बेच दे रहे हैं। इससे किसका नुकसान हो रहा है। हिंदू एक हो, इसके लिए समाज से छुआछूत समाप्त करना होगा। इस पर सभी लोगों को विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज लव जिहाद, लैंड जिहाद आदि तेजी से बढ़ रहा है। हिंदू लड़कियों को मुस्लिम लड़कों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। इसलिए परिवार में बच्चों पर ध्या्न देने की जरूरत है। बच्चों में संस्कार कैसे आए इस पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी माता-पिता को ध्यान देना चाहिए। कई उदाहरण बताए की बच्चों को माता-पिता के लिए समय नहीं है। इस अवसर पर सत्यनाराण बाबा ने भी लोगों से एक होकर रहने का आह्वान किया।
इस मौके पर कायंक्रम के संयोजक गिरिधारी महतो, आरएसएस के प्रांत प्रचारक गोपाल शर्मा, विहिप के प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, विभाग प्रचारक मंटू कुमार, राजीव कमल बिट्टू, विजय घोष, आशुतोष द्विवेदी, अमित राय, विष्णु जालान, विक्रम शर्मा, अशोक प्रधान, विजय कुमार, राजू शर्मा, शिवम केशरी, प्रदीप केशरी, रत्न केशरी, अरुण कुमार, महेंद्र कुमार, इंद्रजीत यादव, स्निग्ध कुमार सहित बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में पूरे चुटिया में महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। अंत में सभी लोगों ने एक साथ भोजन भी किया। इस अवसर पर बच्चों ने लव जिहाद से बचने के लिए नाटक के माध्यम से प्रेरित किया। इसके साथ ही लक्ष्मीबाई की वीरता के बारे में भी लघु नाटक का प्रदर्शन किया गया।

