Jamshedpur : साकची के जुबिली पार्क गेट के पास गुरुवार को युवती से मोबाइल की छिनतई कर भाग रहे बदमाश को लोगों ने दबोच लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को आरोपी युवक को सौंप दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह घटना दिनदहाड़े ऐसी जगह घटी है जहां नजदीक में एसएसपी का आफिस भी है। कुछ दिन पहले यहां कई दुकानों में चोरी भी हुई थी। अब तक चोरी की घटना का खुलासा पुलिस नहीं कर पाई है।
बताया जा रहा है कि युवती जुबिली पार्क गेट के सामने दुकान पर चाय पीने आई थी। वह चाय पी रही थी तभी चुपके से एक युवक उसके पास पहुंचा। कुछ देर युवक वहां चुपचाप खड़ा रहा। फिर अचानक वह हरकत में आया और युवती के हाथ से मोबाइल छीन कर भाग खड़ा हुआ। जैसे ही युवती के हाथ से मोबाइल छीना गया वह शोर मचाने लगी। शोर-गुल सुन कर लोग आरोपी युवक को पकड़ने के लिए दौड़ने लगे। लोगों ने युवक को खदेड़ कर पकड़ लिया। किसी ने इस घटना की सूचना साकची थाना पुलिस को दे दी थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
चार दिन पहले यहीं कई दुकानों में हुई थी चोरी
21 दिसंबर को साकची थाना क्षेत्र के इसी जगह लगी कई दुकानों में चोरी हुई थी। चोरों ने गैस कटर से ताला काट कर अविनाश कुमार की पान की दुकान, सदन केवट की लिट्टी की दुकान, प्रदीप दास की दू्ध की दुकान, विष्णु की पान की दुकान और राजा की मोमोज की दुकान से नकदी और अन्य सामान पार कर दिए थे। पुलिस इन घटनाओं का खुलासा अब तक नहीं कर पाई है। चोरी की इन घटनाओं का खुलासा नहीं होने से ही चोरों के हौसले बुलंद हैं और उन्होंने इस बार दिनदहाड़े घटना को अंजाम देने की जुर्रत दिखाई।
Read also Palamu-Incident : ईंट भट्ठा में लोडिंग के दौरान ट्रैक्टर पलटा, एक मजदूर की मौत, एक गंभीर

