
Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने महिला कांग्रेस द्वारा उनके खिलाफ प्रस्तावित आंदोलन वापस लेने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पूरी तरह उनका आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
सरयू राय ने जारी बयान में कहा कि मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने भ्रष्टाचार विरोधी धरने के दौरान मेयर सुधा गुप्ता को लेकर उनकी टिप्पणी को यदि महिला कांग्रेस अभद्र मानती है, तो यह उनकी समझ और सोच का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन होता तो उन्हें पिछले दो-तीन वर्षों में विभिन्न नेताओं द्वारा महिलाओं की आड़ लेकर की गई टिप्पणियों और बयानों की वास्तविकता जनता के सामने रखने का अवसर मिलता।
उन्होंने कहा कि जनता स्वयं तय करती कि उनकी टिप्पणी अनुचित थी या फिर उनके विरोधियों द्वारा समय-समय पर की गई टिप्पणियां अधिक अशोभनीय थीं। सरयू राय ने आरोप लगाया कि कई मामलों में राजनीतिक प्रभाव के कारण जांच और अभियोजन की प्रक्रिया अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ी।
विधायक ने एक पुराने वायरल वीडियो मामले का भी जिक्र करते हुए कहा कि उस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक जांच पूरी नहीं हुई और न ही एफएसएल रिपोर्ट सार्वजनिक की गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में पुलिस और अभियोजन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते हैं।
अपने बयान के अंत में सरयू राय ने कहा कि जो लोग उन पर अभद्र टिप्पणी का आरोप लगा रहे हैं, उन्हें पहले अपने आचरण का आत्ममूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंदोलन हो या वापस लिया जाए, इससे उनका कोई लेना-देना नहीं है।
इसे भी पढ़ें – Lohardaga News : लोहरदगा में हथियार के बल पर पेट्रोल पंप लूटने पहुंचे बदमाश, कर्मचारियों की बहादुरी से नाकाम


