Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को चेन छिनतई की एक वारदात हुई है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। हरिओम नगर रोड नंबर-3 में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उनके गले से करीब छह लाख रुपये कीमत की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।

पीड़िता ने आदित्यपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीडि़ता बताया कि सुबह लगभग सात बजे वह स्कूटी से घर लौट रही थी। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवक अचानक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर गले की चेन छीन ली। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, दोनों बदमाश तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।
बताया गया है कि छीनी गई चेन की कीमत लगभग छह लाख रुपये आंकी गई है। सुबह के वक्त रिहायशी इलाके में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है, क्योंकि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हेलमेट पहनकर वारदात को अंजाम देना अपराधियों की पूर्व नियोजित रणनीति थी, ताकि पहचान छिपाई जा सके। यह भी संभावना जताई जा रही है कि इन अपराधियों का संबंध सुबह जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र में हुई एक अन्य छिनतई की घटना से हो सकता है।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
Read Also: RANCHI NAGAR NIGAM: नगर निगम में प्रशासक ने की बैठक, जानें शहर को लेकर क्या की गई है तैयारी

