विजयवाड़ा : आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण के छोटे बेटे, मार्क शंकर, सिंगापुर में स्थित अपने स्कूल में आग लगने की घटना के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए। पार्टी ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में मार्क के हाथ और पैर झुलस गए हैं, और धुएं के कारण उनके फेफड़ों को भी नुकसान पहुंचा है।
सिंगापुर में चल रहा मार्क शंकर का इलाज
जन सेना पार्टी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मार्क शंकर का सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पार्टी ने यह भी बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और चिकित्सा टीम उनकी पूरी देखभाल कर रही है।
पवन कल्याण का दौरा स्थगित
पवन कल्याण ने इस घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही आंध्र प्रदेश के आदिवासी क्षेत्र, अराकू घाटी के पास कुरीडी के ग्रामीणों से मिलने का वादा किया था। वह इस वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध थे, लेकिन अब इस आपातकालीन स्थिति के कारण उन्हें सिंगापुर रवाना होना पड़ा। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्र के विकास कार्यक्रम की व्यवस्था पूरी करने के बाद वह तुरंत सिंगापुर जाएंगे।

