Home » Jamshedpur News: सोनारी एयरपोर्ट विस्तार को लेकर विधायक सरयू राय की टाटा स्टील प्रबंधन के साथ मीटिंग, नहीं बंद होगी सड़क, फिर से तैयार होगा मैदान

Jamshedpur News: सोनारी एयरपोर्ट विस्तार को लेकर विधायक सरयू राय की टाटा स्टील प्रबंधन के साथ मीटिंग, नहीं बंद होगी सड़क, फिर से तैयार होगा मैदान

by Mujtaba Haider Rizvi
Sonari Airport Expansion,
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : सोनारी एयरपोर्ट रनवे विस्तार को लेकर पिछले कई दिनों से क्षेत्र में फैल आशंकाओं का बाजार गर्म है। जन आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है। लेकिन, समस्या के समाधान की दिशा में नया मोड़ आया है। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को टाटा स्टील लैंड डिपार्टमेंट और टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों के साथ मीटिंग की है। इस मीटिंग में विस्तार कार्य से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर विधायक ने अपनी आपत्तियां और सुझाव रखे।

सरयू राय ने टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों को बताया कि सोनारी और कदमा इलाके के भ्रमण के दौरान उन्हें यह लगा कि स्थानीय लोगों में यह गलतफहमी फैल गई है कि रनवे विस्तार के कारण चर्च, उससे सटा हुआ मैदान, सोनारी से सर्किट हाउस होकर बिष्टुपुर जाने वाली सीधी सड़क सभी खत्म हो जाएंगे। टाटा स्टील ने मैदान के किनारे लाल रेखा खींच दी है। इससे लोगों के बीच यह डर और बढ़ गया कि विस्तार कार्य सीधे तौर पर धार्मिक स्थल एवं मैदान को प्रभावित करेगा।

बैठक के दौरान टाटा स्टील और टीयूआईएसएल के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने चेतावनी दी है कि यदि सोनारी दिशा में रनवे का विस्तार नहीं किया गया, तो एयरपोर्ट का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है और विमान संचालन बंद करना पड़ेगा। डीजीसीए के दस्तावेज देखने के बाद सरयू राय ने सुझाव दिया कि समाधान ऐसा हो जिसमें डीजीसीए की शर्तें भी पूरी हों और जनहित से जुड़े स्थानों को भी नुकसान न पहुंचे।

प्रबंधन ने इसके बाद जो संशोधित प्रस्ताव रखा, उसमें रनवे की लंबाई डीजीसीए के लिए आवश्यक न्यूनतम दूरी तक बढ़ाई जाएगी। सड़क को समाप्त नहीं किया जाएगा, बल्कि केवल हल्का मोड़ दिया जाएगा ताकि यातायात पर कोई बड़ा असर न पड़े। मैदान के सिर्फ एक छोटे हिस्से पर रनवे का विस्तार होगा और जितना क्षेत्र प्रभावित होगा, उतना ही नया हिस्सा खाली जमीन जोड़कर फिर से मैदान को उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस तरह मैदान का कुल क्षेत्रफल पहले जैसा ही बना रहेगा और वह सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग में आता रहेगा। चर्च को भी रनवे की सीमा से बाहर रखा गया है।

सरयू राय ने सोनारी के स्थानीय प्रतिनिधियों तथा कांग्रेस नेता और क्रिश्चियन कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार बलमुचू को वार्ता का पूरा निष्कर्ष बता दिया है। उन्होंने अपेक्षा की है कि टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा दिए गए इस नए समाधान से लोगों की चिंता दूर होगी और जनाक्रोश समाप्त होगा। सरयू राय ने विश्वास व्यक्त किया कि एयरपोर्ट का विस्तार भी होगा और जनता के हितों की रक्षा भी सुनिश्चित होगी।

Read Also:Giridih Crime : गिरिडीह के दलिया गांव में पत्थर खदान में दो गुटों में हिंसक झड़प, एक की मौत, छह से अधिक घायल

Related Articles