जमशेदपुर : सोनारी की झाबरी बस्ती में अतिक्रमण हटाने गए टाटा स्टील कर्मियों पर पथराव हुआ है। बताते हैं कि इस पथराव में चार होमगार्ड घायल हुए हैं। घायल होमगार्डों का टीएमएच में इलाज कराया गया। पथराव के दौरान बस्ती में अफरा-तफरी मच गई थी। टीन शेड तोड़ने गई थी टाटा स्टील की टीम सोनारी की झाबरी बस्ती में भीम यादव ने अपने घर के सामने गाड़ी खड़ी करने के लिए टीन शेड बना लिया था। यह टीन शेड टाटा स्टील की जमीन पर बनाया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर टाटा स्टील और जुस्को के अधिकारियों ने भीम यादव से 3 दिन पहले टीन शेड हटा लेने को कहा था। भीम यादव का कहना है कि वह सोच रहे थे कि किसी दिन टीन शेड हटा लेंगे। लेकिन, वह किसी कारण से नहीं हटा पाए थे।
परिवार के लोगों ने किया था अतिक्रमण हटाने का विरोध
भीम यादव ने बताया कि शुक्रवार की शाम टाटा स्टील के अधिकारी और कर्मचारी लाव लश्कर के साथ आए। उनके साथ होमगार्ड के जवान भी थे। सभी ने बुल्डोजर लगाकर टीन शेड तोड़ना शुरू कर दिया। परिवार के लोगों ने विरोध किया तो उन पर लाठी चार्ज कर दिया गया। इस लाठी चार्ज में एक बच्चे के घायल होने का आरोप लगाया जा रहा है। इसी के बाद भीड़ भड़क उठी। भीम यादव का कहना है कि लाठी चार्ज के विरोध में बस्ती वासी नाराज हो गए और पथराव किया गया।

