Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के बाहर बुधवार को छात्रों के बीच मामूली विवाद अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने अपने दोस्तों को बुलाकर स्कूल के छात्र गोलमुरी के रहने वाले तौसीफ खान पर चाकू से हमला कर दिया। इन लोगों ने तौसीफ की पीठ पर चाकू घोंप दिया है। इस घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास में अफरा-तफरी मच गई। लहूलुहान तौसीफ को इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन टीएमएच पहुंचे।
बताते हैं कि छुट्टी के बाद तौसीफ खान और एक अन्य छात्र सीढ़ी से नीचे उतर रहे थे। तभी दोनों के बीच हल्की टक्कर हो गई। मामूली बात पर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई और गुस्से में आरोपी छात्र ने बाहर से अपने दोस्तों को बुला लिया। कुछ देर बाद आरोपी के साथी स्कूल के मुख्य गेट के पास सड़क पर राजेंद्र विद्यालय के करीब जमा हो गए।
जैसे ही तौसीफ स्कूल परिसर से बाहर निकला आरोपियों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी समय एक युवक ने चाकू निकालकर तौसीफ की पीठ पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। वहां मौजूद छात्रों ने फौरन वारदात की सूचना स्कूल स्टाफ को दी। जख्मी छात्र को टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
read also : चक्रधरपुर में दुष्कर्म करने का आरोपी भाग निकला था गुजरात, पकड़ लाई पुलिस

