लखनऊ: समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य और उनकी बीजेपी सांसद बेटी संघमित्रा मौर्य एक बार फिर नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। एमपी/एमएलए कोर्ट ने एक मामले में स्वामी प्रसाद मौर्य और संघमित्रा मौर्य सहित 5 लोगों को बतौर आरोपी तलब किया है। दरअसल एक युवक ने ख़ुद को संघमित्रा का पति बताते हुए कोर्ट में परिवाद दाखिल किया है। युवक का नाम दीपक कुमार स्वर्णकार बताया जा रहा है। परिवादी ने आरोपितों पर गुमराह करके संघमित्रा से शादी करवाने, जानलेवा हमला करवाने और लोकसभा चुनाव 2019 में चुनाव आयोग को दिए शपथ पत्र में विवाह के संबंध में गलत जानकारी देने का आरोप लगाया गया है।

गवाहों और सबूतों के आधार पर कोर्ट ने किया तलब
इस मामले में गवाहों और सबूतों के आधार पर एमपी/एमएलए कोर्ट ने संघमित्रा मौर्य को धोखाधड़ी और बगैर तलाक के दूसरी शादी के मामले तलब किया है। वहीं स्वामी प्रसाद मौर्य व अन्य पर मारपीट, जान से मारने की धमकी, आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत तलब किया है। अगली सुनवाई 6 जनवरी 2024 को होगी।
कौन है दीपक, क्या है मामला
दरअसल, लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी के रहने वाले दीपक कुमार स्वर्णकार नाम के एक शख्स ने कोर्ट में सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या, उनकी बेटी संघमित्रा मौर्या, उनकी पत्नी शिवा मौर्या, बेटे उत्कृष्ट मौर्या, नीरज तिवारी, सूर्य प्रकाश शुक्ल और रितिक सिंह के खिलाफ परिवाद दाखिल किया था। इसमें दावा किया गया है कि दीपक कुमार और संघमित्रा मौर्या साल 2016 से लिव-इन-रिलेशन में रह रहे थे। दीपक कुमार का दावा है कि स्वामी प्रसाद मौर्या ने अपनी बेटी संघमित्रा का पहले पति से तलाक होने की बात कहकर 3 जनवरी 2019 को अपने घर में बेटी संघमित्रा से शादी करा दी। इतना ही नहीं, संघमित्रा ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में झूठा शपथपत्र देकर खुद को अविवाहित बताया था। बाद में पता चला कि संघमित्रा का मई 2021 में तलाक हुआ।
अगली सुनवाई 6 जनवरी 2024 को होगी
कोर्ट में सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या, उनकी बेटी संघमित्रा पर बिना तलाक लिए धोखाधड़ी करके दूसरी शादी करने का आरोप लगाया गया है। कोटे ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या, संघमित्रा मौया समेत सभी को नोटिस भेजकर कोर्ट में पेश होने को कहा है। मामले में 6 जनवरी 2024 को सुनवाई होनी है। इस दौरान युवक ने कोर्ट में अपना और अपने गवाह का बयान भी दर्ज कराया।
आरोपियों को पांच जनवरी को होना होगा पेश
कोर्ट में मामला दर्ज होने के बाद विशेष एसीजेएम अम्बरीश श्रीवास्तव ने स्वामी प्रसाद मौर्य, संघमित्रा समेत पांच को कोर्ट में पेश होने का आदेश देते हुए सुनवाई की अगली तारीख 6 जनवरी, 2024 की तय की है। वादी ने अपना और अपने गवाह का बयान दर्ज कराया है। जिसके बाद कोर्ट ने स्वामी प्रसाद मौर्य, उनकी पत्नी शिवा मौर्य, पुत्र उत्कृष्ट मौर्य समेत अन्य सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर बतौर आरोपी उन्हें तलब किया है।
READ ALSO :

