RANCHI: रांची स्थित रेडिसन ब्लू होटल में 8-9 अप्रैल को सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट (सीड) के द्वारा आयोजित ‘एकम डायलॉग्स-संवाद से निर्माण’ कार्यक्रम में झारखंड, ओड़िशा, छत्तीसगढ़ और बिहार के 27 चेंजमेकर्स को एकम सम्मान से नवाजा गया। इस दौरान झारखंड में सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक व झारखंड के पैडमैन के नाम से मशहूर सोशल एक्टिविस्ट तरुण कुमार को भी सम्मानित किया गया। उन्हें आईएफएस ऑफिसर डॉ अर्ता त्रान मिश्रा द्वारा सम्मान प्रदान किया गया। तरुण कुमार की माहवारी स्वच्छता और एक पैड, एक पेड़ जैसे सामुदायिक अभियानों के माध्यम से बच्चों, युवाओं और पर्यावरण के प्रति किए गए प्रयासों के लिए सराहना की गई।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, झारखंड, उड़ीसा और बिहार के पद्मश्री विभूतियों के साथ-साथ भारत के वाटर मैन राजेंद्र सिंह भी उपस्थित थे। सभी वक्ताओं ने सतत् विकास, जलवायु अनुकूलन, संस्कृति और युवा नेतृत्व जैसे विषयों पर विचार साझा किए। साथ ही इकोज ऑफ एकम-सम्मान के स्वर कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया, जिसमें इन 27 चेंजमेकर्स की प्रेरक कहानियां शामिल हैं। तरुण कुमार ने कहा कि इस सम्मान से उनका हौसला बढ़ा है और संसाधनों की कमी के बावजूद दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों और युवाओं के लिए काम जारी रहेगा।
इनकी रही मौजूदगी
छत्तीसगढ़ के पद्मश्री अनूप रंजन पांडे (बस्तर), पद्मश्री बुधरी तांती (दंतेवाड़ा), पद्मश्री फूलबासन बाई यादव (राजनांदगांव), झारखंड की पद्मश्री चामी मुर्मू (सरायकेला), पद्मश्री छूटनी महतो (सरायकेला), पद्मश्री जमुना टुडू (चाकुलिया), पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख (रांची), पद्मश्री महावीर नायक(रांची), पद्मश्री मुकुंद नायक (सिमडेगा), उड़ीसा की पद्मश्री दमयंती बेसरा (बारीपदा), बिहार की पद्मश्री राजकुमारी देवी (मुजफ्फरपुर), भारत के वाटर मैन राजेंद्र सिंह व अन्य महान विभूतियां मुख्य रूप से मौजूद थी।

