
धनबाद : धनबाद रेलवे स्टेशन के पास शनिवार देर रात हुए चाकू हमले में दो भाइयों को निशाना बनाया गया। हमले में साहिल सूरी की मौत हो गई, जबकि विक्की सूरी गंभीर रूप से घायल है। यह घटना धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड की बताई जा रही है। मृतक और उसका भाई ट्रेन टिकट खरीदने स्टेशन जा रहे थे।
बेल्ट से मार रहे थे, मैं छुड़ाने गया तो मुझ पर भी हमला हुआ
घायल विक्की सूरी ने बताया कि मेरे भाई साहिल को बेल्ट से मारा जा रहा था। जब हम उसे बचाने गए, तो हम पर भी चाकू से हमला कर दिया गया। दोनों भाइयों को स्थानीय लोगों की मदद से SNMMC अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया। विक्की का इलाज जारी है।
सिटी एसपी बोले: अवैध शराब कारोबार को लेकर गुटीय संघर्ष
घटना की जानकारी मिलने पर धनबाद पुलिस, सरायढेला थाना और सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव अस्पताल पहुंचे। सिटी एसपी ने कहा कि धनबाद स्टेशन के पास लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार हो रहा था। इस कारोबार को लेकर दो गुटों में विवाद था, जिसमें यह चाकूबाजी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह हमला लूटपाट के मकसद से नहीं हुआ। यह आपसी रंजिश और अवैध शराब गुटों की लड़ाई का परिणाम है।

