
Jamshedpur : टाटा मोटर्स सूचीबद्ध कानवाई चालकों के बैंक खातों में वेतन बढ़ोतरी की राशि नहीं भेजे जाने के विरोध में बुधवार को करीब एक घंटे तक कानवाई की बुकिंग बंद रही। ऑल इंडिया कानवाई चालक संघ के महामंत्री बिनोद कुमार सिंह ने मांग की कि सूचीबद्ध कानवाई चालकों के बैंक खातों में वेतन बढ़ोतरी की राशि भेजने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।
इसके बाद टीटीसीए एवं मान्यता प्राप्त यूनियन की ओर से बताया गया कि बुधवार से चालकों के बैंक खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुछ चालकों के मोबाइल पर बैंक से राशि जमा होने के संदेश भी आने लगे, जिसके बाद बुकिंग पुनः शुरू कर दी गई।
महामंत्री बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि कानवाई चालकों के मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं किए जाने का मामला भी गंभीरता से लिया गया है। इस मुद्दे पर शनिवार को दिल्ली से पदाधिकारियों के आने की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि सोमवार को होने वाली वार्ता में यदि संतोषजनक जानकारी या समाधान नहीं मिला, तो दोबारा कानवाई की बुकिंग बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है।
संघ ने चालकों की वेतन बढ़ोतरी और मेडिकल बिल भुगतान से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। गौरतलब हो कि चालकों के वेतन बढ़ोतरी को लेकर पिछले दिनों ग्रेड रिवीजन हुआ था, लेकिन चालकों के बैंक खाते में पैसे नहीं भेजे गए थे।


