
Jamshedpur News : ग्रामीण क्षेत्रों की युवा खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में टाटा पावर जोजोबेरा के CSR विभाग ने गुरुवार को “खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम” का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन 20 अगस्त को सरजामदा स्थित EGL ग्राउंड में किया गया। पहल का उद्देश्य जोजोबेरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं की खेल प्रतिभा को तराशने के साथ उन्हें खेल के माध्यम से करियर निर्माण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के तहत चयनित युवा खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, फुटबॉल और तीरंदाजी जैसे खेलों में पेशेवर एवं संरचित प्रशिक्षण दिया जाएगा। खेल प्रशिक्षण के साथ खिलाड़ियों में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे जीवन कौशल विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता निखारने और आगे चलकर जिला, राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिल सकेगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी (DSO) रूपा रानी तिर्की, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति और टाटा पावर जोजोबेरा पावर प्लांट के चीफ (O&M) कुंदन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर टाटा पावर के CSR प्रमुख मृत्युंजय राय, कॉरपोरेट अफेयर्स प्रमुख राकेश रंजन, डॉ. पंकज सिंह तथा EGL ग्राउंड के अध्यक्ष बुधेश्वर मुर्मू और सचिव दास बेसरा समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में युवा खिलाड़ी और बच्चे भी शामिल हुए।
टाटा पावर पूर्वी क्षेत्र के चीफ जगमीत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में संचालित इस पहल का उद्देश्य खेल को युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम बनाना है। टाटा पावर का मानना है कि खेल केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, अनुशासन और सामाजिक समरसता की भावना भी विकसित होती है। यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
CSR विभाग की इस पहल से स्थानीय युवाओं में उत्साह का माहौल है।
नियमित एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। टाटा पावर ने इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं को खेल के क्षेत्र में मजबूत भविष्य की ओर ले जाने तथा उनकी प्रतिभा को व्यापक पहचान दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराई।


