Home » Hussainabad Tender Dispute : हुसैनाबाद में टेंडर विवाद गहराया, नगर मिशन प्रबंधक व संवेदक के बीच बढ़ा तनाव, दोनों पर F. I. R. दर्ज

Hussainabad Tender Dispute : हुसैनाबाद में टेंडर विवाद गहराया, नगर मिशन प्रबंधक व संवेदक के बीच बढ़ा तनाव, दोनों पर F. I. R. दर्ज

by Anand Mishra
Hussainabad Tender Dispute
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  • टेंडर को लेकर बढ़ा विवाद

पलामू : झारखंड के प्लामू जिले के हुसैनाबाद नगर पंचायत में टेंडर प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस विवाद में नगर मिशन प्रबंधक राकेश कुमार सिंह और संवेदक रोहन सिंह उर्फ मिंटू सिंह के बीच तीखी तनातनी हो गई है। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

नगर मिशन प्रबंधक का आरोप: हथियार लेकर कार्यालय में घुसे

नगर मिशन प्रबंधक राकेश कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे, जब वे कंप्यूटर ऑपरेटर आदिल आलम के साथ कार्यालय में काम कर रहे थे, तभी हैदरनगर रोड निवासी रोहन सिंह उर्फ मिंटू सिंह, सचिन कुमार सिंह और करीब 15 अन्य लोग हथियारों के साथ कार्यालय में घुस गए। आरोप है कि ये लोग नशे की हालत में थे और उन्होंने नगर मिशन प्रबंधक के साथ मारपीट की। इसके अलावा, कार्यालय के सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।

संवेदक का पक्ष : टेंडर वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप

दूसरी ओर, संवेदक रोहन सिंह उर्फ मिंटू सिंह ने नगर मिशन प्रबंधक और कार्यपालक पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि नगर मिशन प्रबंधक उन्हें टेंडर वापस लेने के लिए दबाव बना रहे थे। “नगर मिशन प्रबंधक ने हमें बुलाकर अपने साले को टेंडर देने का दबाव बनाया। जब हमने इसका विरोध किया, तो उन्होंने हमें गालियां दीं। इसके बाद थोड़ी हाथापाई जरूर हुई, लेकिन उनके लगाए आरोप पूरी तरह झूठे हैं। न तो हम नशे में थे और न ही किसी के पास हथियार था।”

पुलिस की जांच शुरू, दोनों पक्षों पर मामला दर्ज

हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। “मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी।”

क्या कहता है यह विवाद?

हुसैनाबाद का यह टेंडर विवाद नगर पंचायत की कार्यशैली और पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है। जहां नगर मिशन प्रबंधक सुरक्षा की बात कर रहे हैं, वहीं संवेदक अपने पक्ष को लेकर मुखर हैं। यह मामला स्थानीय प्रशासन और नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण बन गया है।

Related Articles