नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बेहद हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन में अंतरराष्ट्रीय लग्जरी कार चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह तकनीकी उपकरणों की मदद से लग्जरी गाड़ियों की चोरी करता था और इसका संचालन दुबई से किया जा रहा था। पुलिस ने ऑपरेशन में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 15 महंगी गाड़ियां जब्त की हैं।
दुबई से चलता था चोरों का कंट्रोल रूम
गिरोह का मास्टरमाइंड अमीर पाशा दुबई से पूरे नेटवर्क को हाई-टेक गैजेट्स के जरिए कंट्रोल करता था। वह भारत में अपने नेटवर्क को ब्लैंक कीज और की-प्रोग्रामिंग डिवाइसेज भेजता था। गिरोह का स्ट्रक्चर इस तरह तैयार किया गया था कि एक सदस्य को दूसरे की जानकारी तक न हो, जिससे पुलिस के लिए गिरोह को ट्रैक करना मुश्किल हो जाए।
चोरी भी ‘स्मार्ट’ तरीके से
गिरोह कम निगरानी वाले पॉश इलाकों में खड़ी किआ सेल्टोस, हुंडई क्रेटा, टोयोटा फॉर्च्यूनर और इनोवा जैसी लग्जरी गाड़ियों को निशाना बनाता था। हाई-टेक स्कैनर और प्रोग्रामर से गाड़ियों का सिक्योरिटी सिस्टम तोड़ा जाता था। बाद में ये गाड़ियां या तो दूरदराज के राज्यों में बेची जाती थीं या पार्ट्स में तोड़कर ब्लैक मार्केट में भेज दी जाती थीं।
8 बदमाश धराए, 70 से ज़्यादा केस दर्ज
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ताज मोहम्मद, इमरान खान, कुणाल जायसवाल, अकबर, मतीन खान, नागेंद्र सिंह, मनीष आर्य और नदीम शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ पहले से ही दिल्ली-एनसीआर में 70 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से फर्जी नंबर प्लेट, नकली रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और डुप्लीकेट की भी बरामद की हैं।
दिल्ली-NCR में वाहन चोरों पर करारा प्रहार
डीसीपी अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि यह ऑपरेशन संगठित वाहन चोरी के खिलाफ एक बड़ी सफलता है। दिल्ली-एनसीआर में होने वाली 56% वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए इस गिरोह का पकड़ा जाना पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
अब पुलिस दुबई से ऑपरेशन चला रहे अमीर पाशा और अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।

