Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह चौक स्थित एक हीरो टू-व्हीलर सर्विस सेंटर में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर सेंटर में प्रवेश किया और कैश काउंटर से करीब 50 से 55 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। रविवार को पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सर्विस सेंटर में कार्यरत कर्मचारी तपन पाल ने बताया की शाम करीब 7 बजे रोज की तरह काम खत्म कर सभी कर्मचारी दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर देखा कि कैश काउंटर की खिड़की खुली थी और गल्ले का लॉक भी तोड़ा गया था, जिसमें रखी पूरी नकदी गायब थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि चोरी की इस घटना में तीन लोग शामिल थे। सभी ने अपने चेहरे मास्क से ढक रखे थे। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि चोर पहले ताला तोड़ते हैं, फिर सीधे कैश काउंटर तक पहुंचते हैं और नकदी निकालकर मौके से फरार हो जाते हैं।
तपन पाल के अनुसार, यह सर्विस सेंटर पिछले छह वर्षों से संचालित हो रहा है, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार हुई है। घटना के बाद परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Read Also: Tatanagar Railway News : 31 मार्च से 5 अप्रैल तक अलर्ट! टाटानगर रेलखंड पर ट्रेनों में बड़ा बदलाव

