आरा : बिहार के भोजपुर जिले के आरा (Ara) रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक सनकी आशिक ने अपनी कथित प्रेमिका और उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी, फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
रेलवे ओवरब्रिज पर हुई घटना
आरा स्टेशन के रेलवे ओवरब्रिज पर इस घटना को अंजाम दिया गया है। बताया जाता है कि तीन लोगों की गोली लगने से मौत हुई है। सरेआम हुई हत्या के बाद पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
किसकी हुई है मौत
मृतकों के नाम अनिल सिंहा और उनकी बेटी आयुषी कुमारी है। वहीं सनकी प्रेमी युवक की शिनाख्त निवासी शत्रुघ्न सिंह के 20 वर्षीय पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई। मृतक सभी उदवंतनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।
बाप बेटी को मारकर आशिक ने की आत्महत्या
जानकारी के अनुसार, अमन कुमार ने पहले अनिल सिंह और उनकी पुत्री आयुषी कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने भी आत्महत्या कर ली. घटना के बाद मौके पर एएसपी, नवादा थाना की पुलिस आरपीएफ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है। हालांकि सरेशाम हुए इस हत्याकांड से इलाके में दहशत व्याप्त हो गया है।
भोजपुर एएसपी परिचय कुमार ने बताया कि एक युवक ने आकर पहले युवती और उसके पिता को गोली मारी, फिर खुद को गोली मारी. जिससे तीनों की मौत हो गई है. घटनाक्रम को देखते हुए प्रेम प्रसंग प्रतीत हो रहा है. लड़की का गोढना रोड के पास मकान है. लड़की संभवतः दिल्ली जा रही थी। आरपीएफ और जीआरपी की टीम आई हुई है. जांच की जा रही है।
प्रेम प्रसंग का लग रहा मामला
कुमार ने आगे बताया कि पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। युवती समेत दो की गोली मारकर हत्या की गई है. इसके बाद आरोपित ने खुद को गोली मार लिया है। मृतक के परिजन आ गए हैं. इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
दिल्ली जा रही थी युवती
मिली जानकारी के अनुसार, युवती अपने किसी करीबी के साथ ट्रेन से दिल्ली जाने वाली थी। इसी बीच सिरफिरा आशिक प्लेटफार्म नंबर 2-3 के बीच फुट ओवरब्रिज पर पहुंच गया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया। आरपीएफ अधिकारी ने कहा कि तीन लोगों की हत्या हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ये हत्या है या फिर खुदकुशी इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।

